नवाबगंज। व्यापारी की पुत्री को अगवा कर कार में दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी सिपाही को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस दूसरे आरोपी की भी तलाश कर रही है।
दो जुलाई को महिला थाने में तैनात सिपाही विनय चौहान ने कार से छात्रा को ले जाकर दुष्कर्म किया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सिपाही विनय चौहान व उसके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया था। दो दिन तक पुलिस आरोपी सिपाही से पूछताछ करती रही।
शुक्रवार को थाना पुलिस ने आरोपी सिपाही विनय चौहान को कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सीओ मोहम्मदाबाद राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सिपाही विनय चौहान को जेल भेज दिया गया है। उसके साथी की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
-
दो दिनों तक समझौते का प्रयास करते रहे सिपाही के परिजन
फर्रुखाबाद। समाज में साख और नौकरी बचाने के लिए सिपाही विनय चौहान के परिजन नाबालिग छात्रा के परिजनों से समझौते का प्रयास करते रहे। छात्रा के परिजन भी समझौता करने को तैयार नहीं हुए। सूत्र बताते हैं कि, सिपाही के परिजन छात्रा के घरवालों को सात लाख रुपये देने को तैयार थे। अंदरखाने में पुलिस भी सिपाही के परिजनों को दो दिनों तक समझौता करने के लिए मौका देती रही। बात न बनने पर घटना के तीसरे दिन सिपाही को कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद कोर्ट ने सिपाही को जेल भेज दिया।