फर्रुखाबाद। मेडिकल के छात्रों के लिए लोहिया अस्पताल में बने छात्रावासों के चार आवासों पर ठेकेदार काबिज हैं। अस्पताल के सफाई कर्मी ने डीएम, एसपी और सीएमओ को पत्र भेजकर जांच कर खाली कराने की गुहार लगाई।
आरोप लगाया कि ठेकेदार उसे धमकाकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। लोहिया पुरुष अस्पताल में बने छात्रावास में करीब 20 आवास बनाए गए हैं। सभी आवासों पर ठेका कर्मियों और ठेकेदारों का कब्जा है। अस्पताल के सफाई कर्मी संजय कुमार ने डीएम, एसपी, सीएमओ व सीएमएस को पत्र भेजकर शिकायत की।
आरोप लगाया कि दो ठेकेदार समेत तीन लोग उसे धमकाते हैं। 20 अक्तूबर की दोपहर में वह नलकूप चला रहा था, तभी तीनों ने गाली गलौज की। पीड़ित ने आवासों को खाली कराने की मांग की। सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि उन्हें फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि छात्रावास पर कब्जा है, तो वह इस मामले की जांच कराएंगे।