फर्रुखाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को लेकर जिले के 1576 परिषदीय और 271 माध्यमिक विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इस दौरान एक से सात नवंबर तक कई कार्यक्रम होंगे। 31 अक्तूबर को यूनिटी मार्च निकाला जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में वल्लभभाई पटेल की जयंती पर निबंध, भाषण व रंगोली आदि प्रतियोगिताएं करवाएं। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य है कि बच्चों को सरदार पटेल के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी मिल सके।
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 व उसके ऊपर के सभी विद्यार्थी भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता सभी इंटर कॉलेजों व महाविद्यालयों में होगी। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा छह व इससे ऊपर की सभी छात्राएं प्रतिभाग करेंगी। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा एक से आठ तक के बच्चे भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं के वीडियो भी बनाए जाएं।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों व महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्राचार्यों को कार्यक्रम के बारे में अवगत कराया जाएगा। प्रभारी बीएसए डॉ. अनुपम अवस्थी ने बताया कि सभी खंड शिक्षाधिकारियों को महानिदेशक के निर्देशों की जानकारी दे दी है।
भव्यता से मनाई जाएगी लौह पुरुष की 150वीं जयंती
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती मनाने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक चलने कार्यक्रम बेहतर कराए जाएं।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने निर्देश दिए कि जयंती के अवसर पर जिला स्तर व विधानसभा वार जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। पदयात्रा में एंबुलेंस, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्कूलों, काॅलेजों में वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध, भाषण व रंगोली प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश दिए। एडीएम अरुण कुमार सिंह, पीडी कपिल कुमार, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय आदि अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)