फर्रुखाबाद। एक ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली मोबिल ऑयल बेचते वक्त कंपनी के अफसरों ने पुलिस बल की मदद से दुकानदार को पकड़ लिया। उसके गोदाम से 100 डिब्बे माल भी बरामद किया गया। प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
नई दिल्ली के थाना साकेत क्षेत्र के कोहिनूर इन्क्लेव सैदुल्लाजाब निवासी रवि सिंह ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार शाम मऊदरवाजा क्षेत्र के रकाबगंज खुर्द में शिवम ऑटो सेंटर को गुप्त रूप से चेक किया। उसमें एक ब्रांडेड कंपनी का मोबिल ऑयल बिकते पाया। अधिकारियों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। इसके बाद दरोगा लछिमन सिंह अन्य पुलिस कर्मियों के साथ अफसरों का बताए स्थान पर छापा मारा।
दुकान स्वामी रकाबगंज खुर्द निवासी मोहित ने दुकान पर मिले 14 खाली डिब्बों की खरीद का कोई बिल नहीं दिखाया। इसके बाद कंपनी के अफसरों ने पास में ही स्थित गोदाम की जांच की, तो उसमें एक-एक लीटर मोबिल ऑयल के 100 डिब्बे भरे पांच कार्टून बरामद हुए। पुलिस और कंपनी के अधिकारी माल तथा आरोपी को थाने लेकर पहुंचे। देर रात रवि सिंह की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
कंपनी की ओर से दिया गया एक डिब्बा तथा दुकान से बरामद एक डिब्बे को सील करके जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकानदार को थाने से ही जमानत देकर छोड़ दिया गया।