कमेटी आज करेगी परिसीमन पर आपत्तियों का निस्तारण
फर्रुखाबाद। नवाबगंज व शमसाबाद नगर पंचायतों में शामिल हुईं ग्राम पंचायतों के परिसीमन पर लगी आपत्तियों का निस्तारण शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया जाएगा। इससे पहले डीपीआरओ ने सुबह अपने कार्यालय में एडीओ व बीडीओ की बैठक बुलाई है।
आंशिक परिसीमन में ब्लॉक नवाबगंज, शमसाबाद व राजेपुर की ग्राम पंचायतें प्रभावित हुईं हैं। जिला पंचायत के करीब सात वार्डों में ग्राम पंचायतों को जोड़-घटा कर वोटरों की संख्या पूरी की गई। इससे जिला पंचायत सदस्य के दावेदारों का गणित बिगड़ रहा है। वहीं सही तरीके से परिसीमन न किए जाने से जिला पंचायत अध्यक्ष सहित 30 लोगों ने आपत्तियां दाखिल कीं।
इनका निस्तारण करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीडीओ, डीपीआरओ व एएमए की चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। तीन जनवरी तक आपत्तियों का निस्तारण करने के साथ परिसीमन को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में 3.30 बजे कमेटी की बैठक बुलाई है। इससे पहले डीपीआरओ शिवशंकर सिंह सुबह 10 बजे ब्लॉक नवाबगंज, राजेपुर व शमसाबाद के बीडीओ व एडीओ के साथ अपने कार्यालय में बैठक कर आपत्तियों के निस्तारण पर चर्चा करेंगे।