फर्रुखाबाद। विधानसभा चुनाव में ईवीएम के लिए शहर की सातनपुर मंडी में स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा। इसके लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी व एसपी ने सातनपुर मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने आढ़तियों को दुकानें व टिनशेड खाली कराने के निर्देश दिए।
विधानसभा चुनाव की तैयारी अब रफ्तार पकड़ रही है। बूथों का संंभाजन कार्य पूर्ण होने के साथ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित पूरे अमले के साथ सातनपुर मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम रखने के लिए पिछले चुनाव की तरह इस बार भी मंडी में आढ़त की दुकानों में स्ट्रांग रूम बनाने की व्यवस्था देखी। जिलाधिकारी ने कहा कि आढ़तियों से दुकानें खाली कराई जाएं। टिन शेड के नीचे आढ़तियों के लगे धान के बोरे भी हटवाएं जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी दुकान की दीवारों में कहीं से नमी आ रही है तो उसकी मरम्मत करा ली जाए। चारों विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम रखने के लिए कुल अनाज मंडी की 80 दुकानों में स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा। डीएम व एसपी ने मंडी में वाहनों का पार्किंग स्थल आलू खंड में बनाने के निर्देश दिए। टिन शेड में पोलिंग पार्टियां रवाना करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को तैयारियां पूरी कराने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स तैनात करने के लिए स्थलों का चयन किया। इसके साथ मंडी में ही पुलिस व पीएसी फोर्स रोकने की भी व्यवस्था देखी। उन्होंने व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश एएसपी गिरीश कुमार सिंह को दिए। इस दौरान सीडीओ विनोद कुमार गौड़, एडीएम अरुण कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एआरटीओ प्रर्वतन सुभाष राजपूत, मंडी सचिव अनूप दीक्षित आदि अधिकारी मौजूद रहे।