सीएमएस ने दी तीन नर्सों का वेतन रोकने की चेतावनी
फर्रुखाबाद। आठ माह से रिक्त पड़े पदों पर चार्ज लेने के लिए आनाकानी करने वाली तीन नर्सों का सीएमएस ने वेतन रोकने की चेतावनी दी है। यदि शीघ्र चार्ज नहीं लिया गया, तो मई माह का वेतन न देने के लिए रिमाइंडर भी दे दिया गया है।
डा. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल के इमरजेंसी स्टोर, मेडिसिन विभाग और आइसोलेशन वार्ड के स्टोर का करीब आठ माह से चार्ज किसी के पास नहीं है। इन सभी कमरों में ताले पड़े थे। 15 मई को प्रभारी सीएमएस डा. एसपी सिंह, डा. वीके दुबे, डा. राजेश तिवारी आदि ने तालों को तुड़वा कर सामान की लिस्टिंग कर ली थी।
सीएमएस ने इमरजेंसी स्टोर का चार्ज स्टाफ नर्स रीना चंद्र, मेडिसिन विभाग का पूनम और आइसोलेशन का चार्ज अनीता लाल को देने के आदेश जारी कर दिए थे। इन नर्सों ने चार्ज लेने की सहमति तो दी थी, मगर रिसीविंग नहीं की। इससे मरीजों को अभी तक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सीएमएस ने तीनों नर्सों को रिमाइंडर जारी कर दिया है। सीएमएस डा. एसपी सिंह ने बताया कि इस महीने में अभी 13 दिन बचे हैं। यदि नर्सें आदेश के मुताबिक चार्ज नहीं लेती हैं, तो उन्हें मई का वेतन नहीं दिया जाएगा।