फर्रुखाबाद। कार्यालय के एसी रूम में चालक के बैठने पर सोमवार को सीएमओ बिफर गए। इसको लेकर चालक से नोकझोंक हुई और उसे हटाकर मूल तैनाती कमालगंज सीएचसी भेज दिया।
कमालगंज सीएचसी में तैनात चालक हरेंद्र सिंह पिछले तीन वर्ष से सीएमओ की कार चला रहे थे। कुछ दिनों से चालक व सीएमओ के बीच अनबन चल रही थी। सोमवार को कार्यालय में सीएमओ को उतारने के बाद चालक हरेंद्र सिंह लेखाकार के कक्ष में बैठ गए। वहां पहुंचे सीएमओ ने चालक को एसी रूम में बैठा देख नाराजगी जताई।
इस पर चालक ने कहा कि गर्मी की वजह से एसी रूम में बैठ गए। इसको लेकर दोनों में नोकझोंक होने लगी। इसी के बाद सीएमओ ने चालक हरेंद्र सिंह को मूल तैनाती कमालगंज सीएचसी पर भेज दिया। सीएमओ का यह आदेश गत माह दो मई को ही टाइप किया गया था, दोबारा गुस्सा आने पर दो जून को हस्ताक्षर कर चालक को कार्यमुक्त कर दिया।
चालक हरेंद्र का कहना है कि सीएचसी कमालगंज में कोई सरकारी वाहन नहीं है। फिर भी कार्य की अधिकता दिखाकर आदेश जारी कर दिया गया। तीन वर्ष में उन्हें हटाने के लिए 10 से अधिक बार आदेश बना और बाद में निरस्त किया गया।