कमालगंज अस्पताल का निरीक्षण करते सीएमओ डा. राकेश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य चिकित्साधिकारी के औचक निरीक्षण ने सीएचसी की पोल खोल दी। दोपहर बाद डाक्टर समेत 14 कर्मचारी हस्ताक्षर कर नदारद मिले। सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को न मिलने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने बुधवार
दोपहर करीब 1:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उपस्थित पंजिका देखी तो एएनएम मिथलेश कुमारी, ऑप्टोमेटिस्ट अरविंद कुमार, डॉ. निर्दोष कुमार, चीफ फार्मासिस्ट पीसी राजपूत, सुभाषचंद्र, पवन प्रताप, आयुष फार्मासिस्ट प्रीतीवाला, काउंसलर दिलीप कुमार, कल्पना कुमारी, डॉ. निषि
गौड़, डॉ. श्रीकांत बचानी, एनसीडी काउंसलर वंदना यादव, स्मिता शाक्य और डॉ. मुक्ता वर्मा हस्ताक्षर कर नदारद मिले। उन्होंने जब हस्ताक्षर कर गायब 14 कर्मचारियों के बारे में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मान सिंह वर्मा से पूछा तो उन्होंने कहा कि कई बार इन लोगों से समय से ड्यूटी करने को कहा लेकिन कोई
नहीं सुनता है। गुस्साए सीएमओ ने डॉ. मान सिंह को कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह 8 से शाम 4 बजे तक सभी कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे और आरबीएस की टीम दोपहर 1 बजे विद्यालय बंद होने के बाद शाम 4 बजे तक सीएचसी पर सहयोग करेगी। सीएमओ ने बताया कि अभी तो वेतन काटने की कार्रवाई की गई है। आगे होने वाले निरीक्षणों में बड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।