रेस्टोरेंट में प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में उसके दोस्तों व अन्य लोगों ने सोमवार को बाइकों से घूम घूम कर स्टेशन तिराहा की दुकानें बंद करा दीं। परिजनों ने चौकी प्रभारी के निलंबन की मांग की है। पुलिस ने दुकान खुलवाने का प्रयास किया तो एक दुकानदार की मऊदरवाजा एसओ से नोकझोंक हो गई।
मोहल्ला मेमरान निवासी प्रापर्टी डीलर अर्पित उर्फ अंशू चौहान की शनिवार रात को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इसमें तीन नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध और रेलवे रोड चौकी प्रभारी दयामहेश के निलंबन की मांग को लेकर सोमवार सुबह अंशू के दोस्त अन्य बाइकों से रेलवे स्टेशन तिराहा पहुंच गए और दुकानों को बंद करा दिया। दूध की दुकानों को भी नहीं खुलने दिया।
इसके बाद सुबह दस बजे फिर से युवक बाइकों से बाजार में निकले। यहां पर जो दुकानें खुली थीं उनको भी बंद करा दिया। बाजार बंद कराए जाने की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर थाना मऊदरवाजा प्रभारी दधिबल तिवारी और घुमना चौकी प्रभारी दिनेश गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने माइक से दुकानदारों को दुकान खोलने के लिए कहा।
दधिबल तिवारी रेलवे रोड स्थित अन्नू बेकरी पर पहुंचे। यहां पर दुकानदार अन्नू गुप्ता से दुकान खोलने के लिए कहा। दुकानदार ने यह कह कर दुकान खोलने से मना कर दिया कि वह इस घटना के विरोध में स्वयं दुकान बंद किए हैं। दुकान खोलने को लेकर थाना प्रभारी और दुकानदार के बीच नोकझोंक हो गई। फिलहाल पुलिस वहां से गश्त करने लगी। रेलवे स्टेशन तिराहा की आसपास की दुकानें बंद रहने से कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।