फर्रुखाबाद। शहर की सेठ गली में रुपये के लेन-देन को लेकर ग्राहक और दुकानदार में मारपीट हो गई। करीब आधा घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद कांग्रेस नेता ने दोनों पक्षों में बीचबचाव किया। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो सका।
दुकानदार ध्रुव कुमार के यहां बुधवार शाम चार बजे एक महिला ग्राहक ने साड़ी की फॉल खरीदी। महिला ने रुपये दिए। दुकानदार ने रुपये वापस किए, तो महिला बोली उसने 100 रुपये दिए थे। दुकानदार का कहना था 50 रुपये दिए। इसी बात पर तूतू-मैमै हो गई। बात बढ़ी, तो गाली-गलौज शुरू हो गया। महिला और उसकी बेटी ने घर से लोगों को बुलाकर सबक सिखाने की धमकी दी। बेटी चौक पर मौजूद पुलिस कर्मियों को बुला लाई। जैसे ही पुलिस पहुंची, तो महिला ने दुकानदार को पीटना शुरू कर दिया। वहीं मौजूद कांग्रेस नेता आदेश तिवारी बीचबचाव करने लगे।
सिपाहियों ने दोनों पक्षों को कोतवाली चलने को कहा, तो कुछ गुस्सा शांत हुआ। बाद में कांग्रेस नेता ने दुकानदार से महिला ग्राहक को रुपये वापस कराए। इसके बाद ही मामला शांत हो सका मारपीट और गोली गलौज के दौरान तमाम दुकानदार एकत्रित हो गए। घुमना चौकी प्रभारी शिवशंकर प्रसाद तिवारी ने बताया कि कोई शिकायत नहीं मिली है। कहासुनी हुई थी। दोनों में समझौता हो गया है।