कमालगंज। 180 साल के इतिहास को समेटे कमालगंज की रामलीला में इस साल कार्यक्रम आयोजन के लिए सोमवार शाम धूमधाम से मुहूर्त पूजन किया गया। इस दौरान झाल-मजीरे की झनक व दोहों की गूंज से माहौल श्रीराम भक्ति के आनंद में डूब गया।
कस्बा के चौराहा स्थित अयोध्यापुरी के पास मुख्य मार्ग स्थित बांके बिहारीजी मंदिर में रामलीला का विधिविधान से मुहूर्त पूजन किया गया। रामलीला व्यास शोभित व्यास व लक्ष्मीकांत ने पूजन कराया। रामलीला कमेटी के संरक्षक केशवचंद्र गुप्ता ने विघ्नहर्ता गणेश का पूजन किया। हनुमानजी का चित्र बनाकर ध्वज लाकर पूजन हुआ। रामलीला की संवाद पोथी का भी पूजन किया गया।
इस दौरान घंटा घड़ियाल, झांझ-मजीरा, शंखध्वनि के साथ दोहे भी गूंजते रहे। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। राजू पुजारी ने पूजन में सहयोग किया। रामलीला कमेटी अध्यक्ष अजय माहेश्वरी कल्लू, महामंत्री डॉ. शिवकुमार गोयल, कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता, साज-सज्जा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, मेवाराम गुप्ता, गोपाल पालीवाल,सुरेश गुप्ता, बड़े हलबाई, संजीव गुप्ता, राघव शुक्ला, भवानी औदीच्य, संजू गुप्ता, सोनू गुप्ता, अरविंद गुप्ता आदि भी रहे।