एआरटीओ कार्यालय में पंजीयन पटल पर लगी भीड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कोरोना के डर से सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय फतेहगढ़ में ड्राइविंग लाइसेंस बनने बंद हो गए हैं। यह दो अप्रैल तक नहीं बनाए जाएंगे। शुक्रवार को करीब दो सौ आवेदकों की लाइसेंस के लिए फोटो खींची गई। शाम को पत्रावली अनुमोदित किए बगैर एआरटीओ ने आवेदकों को लौटा दी। इससे नाराज आवेदकों ने एआरटीओ कार्यालय परिसर में हंगामा किया। काम शुरू होने पर अनुमोदन दिए जाने का एआरटीओ ने आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑन लाइन आवेदन करना पड़ता है। इसके बाद जो तारीख मिलती है, उस पर एआरटीओ कार्यालय जाकर आवेदकों को फोटो खिंचवानी पड़ती है और पत्रावली का अनुमोदन कराना पड़ता है। शुक्रवार को स्थायी व अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने को फोटो खिंचवाने करीब 100-100 आवेदक एआरटीओ कार्यालय आए थे। डुप्लीकेट व रिन्यूवल कराने के लिए 50-50 आवेदक आए थे। इन सभी की फोटो खींची गई। शाम को पत्रावली एआरटीओ संजय झा को दी गई। शासन के आदेश पर कोरोना वायरस को लेकर एआरटीओ ने शुक्रवार से लाइसेंस बनाने का काम बंद करा दिया।
इससे आवेदकों की फोटो खिंचने के बाद पत्रावली का एआरटीओ ने अनुमोदन नहीं किया। इससे गुस्साए लोगों ने कार्यालय परिसर में हंगामा किया। एआरटीओ संजय झा ने आवेदकों को समझाकर शांत किया। एआरटीओ ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए कार्यालय में भीड़ लगती है। कोरोना वायरस से बचाव को शासन से आदेश आने पर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम बंद करा दिया है। दो अप्रैल तक अब न तो लाइसेंस बनेंगे और न ऑन लाइन आवेदन करने पर तारीख मिलेगी।