फर्रुखाबाद। देवी का प्रसाद बताकर दो युवकों ने बुधवार की शाम किराएदार की पत्नी, पुत्री व पुत्र को नशीला हलवा खिला दिया। इससे तीनों बेहोश हो गए। दोनों युवक किराएदार व मकान मालिक के जेवर व नकदी समेत मोबाइल चोरी कर ले गए। होश में आने पर किराएदार की पत्नी को चोरी होने के जानकारी हुई। गुरुवार को किराएदार की पत्नी ने दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगला दीना न्यू सैनिक कालोनी निवासी संतोष सिंह राठौर चार दिन पहले अपने कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के पैतृक गांव गए थे। उनके घर पर किरायेदार कृष्ण पाल सिंह परिवार समेत रहते हैं। बुधवार को कृष्णपाल की पत्नी प्रभा, पुत्री अन्नू व पुत्र विकास घर पर थे। शाम को लगभग पांच बजे दो युवक पहुंचे। युवकों ने कृष्णपाल के घर का दरवाजा खटखटाया तो पुत्री अन्नू ने खोल दिया। युवकों ने दो दोना में हलवा दिया और कहा कि देवी का प्रसाद है। प्रसाद समझकर प्रभा, अन्नू व विकास ने उसको खा लिया। प्रसाद खाने से तीनों कुछ देर बाद बेहोश हो गए। इसके बाद किराएदार के घर में घुुुसे दोनों युवक मोबाइल, 15 सौ रुपये, दो जोड़ी पायल व अंगूठी चुरा ले गए।
युवकों ने मकान मालिक संतोष सिंह राठौर के कमरे का भी ताला तोड़ा और वहां से भी नकदी जेवर ले गए। युवकों के जाने के बाद प्रभा को रात में होश आया। तब उनको चोरी की जानकारी हुई। अन्नू व विकास को काफी देर बाद होश आया। गुरुवार को प्रभा ने अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभा ने बताया कि मकान मालिक को घटना की जानकारी दे दी है। उनके आने के बाद ही चोरी के सामान के बारे में जानकारी दी जाएगी। एसएसआई आरएस वर्मा ने तहरीर ले ली और जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।