फर्रुखाबाद। घर में बिजली कनेक्शन हुए बिना ग्रामीण के खिलाफ बकाएदारी में कटे कनेक्शन को जोड़कर बिजली चोरी का आरोप लगाकर जेई ने रिपोर्ट दर्ज करा दी। पीड़ित ग्रामीण ने जेई समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अदालत में अर्जी दायर की है। सीजेएम ने अमृतपुर थाने से प्रकरण के संबंध में आख्या मांगी है।
अमृतपुर थानाक्षेत्र के गांव बलीपट्टी रानीगांव निवासी हरीराम ने अमृतपुर विद्युत उपकेंद्र के तत्कालीन अवर अभियंता अजय सिंह यादव, टीजीटू दिनेश कुमार, संविदा कर्मचारी सुधीर सिंह व कागज में कनेक्शन दिखा कर बकाएदारी निकालने वाले कर्मचारी के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में अर्जी दायर की है। इसमें कहा कि उसके घर में विद्युत कनेक्शन नहीं है। अवर अभियंता व उनके साथियों ने 21 दिसंबर 2018 को अमृतपुर थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें उसके घर में विद्युत कनेक्शन दिखाया गया।
जिसको बकाएदारी में काटे जाने के बाद केेबल को जोड़कर बिजली चोरी करने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी 30 दिसंबर 2018 को हुई, दरोगा जब घर पर पूछताछ करने आए। 1 जनवरी 2019 को संपूर्ण समाधान दिवस में झूठी रिपोर्ट लिखाने का प्रार्थना पत्र दिया। जेई व अन्य कर्मचारियों को बचाने के लिए अधिकारियों ने भ्रामक रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को देकर शिकायत का निस्तारण कर दिया। मुख्यमंत्री से शिकायत करने के बाद भी कोई निस्तारण नहीं हुआ।
एक अगस्त 2019 को कनेक्शन के संबंध में जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत सूचनाएं मांगी। वह भी उपलब्ध नहीं कराई गई। 27 सितंबर 2019 को अधीक्षण अभियंता को प्रार्थना पत्र दिया, इसके बाद भी उसकी समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। जेई व उनके साथियों ने उसको आर्थिक नुकसान पहुंचने और विभाग को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित की अर्जी पर सुनवाई के बाद सीजेएम ने अमृतपुर थाने से प्रकरण के संबंध में आख्या मांगी है। जेई अजय सिंह यादव को अमृतपुर उपकेंद्र से तबादला कायमगंज खंड कार्यालय में हो चुका है। अब वह कायमगंज खंड कार्यालय क्षेत्र में तैनात हैं।