फर्रुखाबाद। जिले के परिषदीय प्राथमिक व जूनियर 191 स्कूलों को अब गैस कनेक्शन मिलेंगे। इसके लिए शासन से मिली धनराशि के आहरण की जिलाधिकारी ने मंगलवार को स्वीकृति दे दी है। इससे इन स्कूलों में गैस सिलिंडर व चूल्हे खरीदे जा सकेंगे।
मध्याह्न भोजन योजना के तहत शासन से गैस कनेक्शन मद में जिले को 9 लाख 96 हजार 810 रुपये प्राप्त हुए। स्कूल में गैस सिलिंडर व चूल्हा खरीद के लिए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने स्वीकृति दे दी है। डीएम ने जारी आदेश में कहा कि जिले के 191 स्कूल गैस कनेक्शन के लिए पात्र पाए गए। उन्होंने 8 लाख 53 हजार 770 रुपये की स्वीकृति देते हुए बीएसए को 4470 रुपये प्रति स्कूल के हिसाब से आवंटन के आदेश दिए हैं। इसमें 2970 रुपये से गैस कनेक्शन व सिलिंडर, जबकि 1500 रुपये से गैस चूल्हे की खरीद की जाएगी। इससे इन स्कूलों में रसोइयों को खाना बनाते समय धुएं से निजात मिलेगी।