फर्रुखाबाद। ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायतों को मार्च में परफार्मेंस ग्रांट देने के लिए पंचायती राज निदेशालय से राज्य वित्त का डाटा मांगा गया है। परफार्मेंस ग्रांट उन्हीं क्षेत्र व ग्राम पंचायतों को दी जाएगी, जिनका वित्तीय वर्ष 2017-18 तक का आडिट पूरा होगा।
ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत में विकास कार्यों के लिए राज्य वित्त आयोग से धनराशि दी जाती है। जो ग्राम पंचायतें अच्छा कार्य करने के साथ अपनी आय बढ़ाते हुए नियमित आडिट भी कराती हैं, उनके लिए परफार्मेंस ग्रांट अलग से दी जाती है। मार्च में ग्राम पंचायतों को परफार्मेंस ग्रांट वितरित की जानी है।
इसके लिए पंचायती राज निदेशालय से ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों के राज्य वित्त का डाटा मांगा गया है। निदेशक ने डीपीआरओ को जारी आदेश में कहा कि जिन ग्राम पंचायतों ने वित्तीय वर्ष 2017-18 का आडिट पूर्ण करा लिया हो, वह राज्य वित्त का डाटा व आडिट एजेंसी द्वारा दिए गए प्रमाणपत्र के साथ उपलब्ध कराएं। उन्हें ही परफार्मेंस ग्रांट वितरित की जाएगी। डीपीआरओ अमित कुमार त्यागी ने बताया कि जो ग्राम पंचायतें अभी भी आडिट कराकर 20 जनवरी से पहले राज्य वित्त का डाटा उपलब्ध करा देंगी, वह परफार्मेंस ग्रांट ी हकदार हो सकती हैं। इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।