मेला रामनगरिया में लगने को आए झूले। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। पांचालघाट पर रामनगरिया मेले के लिए समतलीकरण का काम धीमी गति से हो रहा है। मेले में बिजली ठेकेदार ने लाइन डालने के काम शुरू कर दिया है। अमावस्या पर सूर्य ग्रहण पड़ने व कड़ाके की ठंड के चलते स्नानार्थियों की संख्या कम रही। गंगा का जलस्तर कुछ बढ़ गया है। इससे लोगों को कुछ परेशानी हुई।
10 जनवरी से शुरू होने वाले रामनगरिया मेले की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। हालांकि समतलीकरण का काम धीमी गति से होने के कारण उद्घाटन से पहले काम पूरा हो पाना मुश्किल है। संत सत्यस्वरूप ब्रह्मचारी, स्वामी अवधेशानंद का कहना है कि जहां पर वह लोग राऊटी लगाते हैं उस भूमि को सही से बराबर नहीं किया गया। बिजली व्यवस्था के लिये ठेकेदार ने मेला क्षेत्र में लाइन डालने काम शुरू कर दिया है। दो बड़े जनरेटर भी आ गए हैं। मनोरंजन क्षेत्र में लगने वाले झूले आने लगे। कल्पवासी भी राऊटी लगाकर मेले की शोभा बढ़ाने लगे। अमावस्या पर सूर्य ग्रहण पड़ने के बाद कड़ाके की ठंड पड़ने के कारण गंगा स्नान करने वालों की संख्या कम रही। पंडा मनोज कुमार ने बताया कि ठंड से गंगा स्नान करने वाले बहुत ही कम लोग आये। वहीं गंगा का जल स्तर बढ़ने से घाटों पर पानी भर गया है।