कायमगंज के आंबेडकर वार्ड का निरीक्षण करते जनपद के नोडल अधिकारी, डीएम, सीडीओ व अन्य अधिकारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। जनपद के नोडल अधिकारी ने सोमवार को ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अभिलेख देखे। 13 लाभार्थियों को अनुदान न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बीडीओ, एडीओ व पटल सहायक का वेतन रोक दिया। ब्लाक परिसर की सफाई व्यवस्था आदि देखी। इसके बाद पालिका के वार्ड नंबर 4 आंबेडकर नगर का निरीक्षण किया।
जनपद के नोडल अधिकारी आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद रजनीश गुप्ता सुबह ब्लाक कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, सीडीओ डा.राजेंद्र पैंसिया, एडीएम विवेक श्रीवास्तव, पीडी राजमणि वर्मा भी थे। बीडीओ के कक्ष में बैठकर अभिलेख देखे। इस दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 13 विदा हो चुकी बेटियों को शादी अनुदान उनके खाते में न भेजने पर नाराजगी जताई। बीडीओ ने कहा कि शमसाबाद क्षेत्र के लाभार्थियों ने उन्हें बैंक खाता नंबर नहीं उपलब्ध कराए हैं।
नोडल अधिकारी ने कायमगंज बीडीओ श्रीप्रकाश उपाध्याय, एडीओ समाज कल्याण सुरेंद्र सिंह व पलट सहायक धर्मेंद्र कुमार का वेतन रोकने का आदेश कर दिया। साथ ही कहा कि जब तक लाभार्थियों को उनका अनुदान नहीं मिल जाता तब तक वेतन नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में बनवाए गए प्रधानमंत्री आवासों, स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनवाए गए शौचालयों, मनरेगा कार्यों, श्रमिकों के भुगतान संबंधी, क्षेत्र में गठित स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ब्लाक परिसर में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं देखीं। हैंडपंप के पास सोखपिट बनवाने के निर्देश दिए। इसके बाद नोडल अधिकारी पालिका के वार्ड नंबर 4 आंबेडकर नगर पहुंचे, वहां गलियां, नालियां, मॉडर्न शौचालय, धर्मशाला आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे एक युवती को जरदोजी का काम करते देख उससे पूछा कितना कमा लेती हो। उसकी मेहनत की प्रशंसा की। इस दौरान तहसीलदार भूपाल सिंह, सीओ राजवीर सिंह, एडीओ अरुण मिश्रा आदि मौजूद रहे।