फर्रुखाबाद। स्वच्छता पखवारे के शुभारंभ पर 12 यूपी बटालियन के एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकाली। नगर के मुख्य मार्गों से निकलने के दौरान कैडेटों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही कैडेटों ने जगह-जगह सफाई भी की है।
12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ की ओर से रविवार को राजकीय इंटर कालेज फतेहगढ़ में बटालियन के एडम आफीसर लेफ्टिनेंट कर्नल आरके यादव ने शुभारंभ किया। इसमें राजकीय इंटर कालेज फतेहगढ़, म्यूनिसिपल इंटर कालेज फतेहगढ़ और दुर्गा नारायण महाविद्यालय समेत करीब 125 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया। लेफ्टिनेंट कर्नल आरके यादव के नेतृत्व में एनसीसी कैडेटों की स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली जीआईसी से शुरू होकर फतेहगढ़ चौराहा, कोतवाली तिराहा होते हुए जीआईसी फतेहगढ़ पहुंची। नगर में भ्रमण के दौरान एनसीसी कैडेटों ने जगह-जगह सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लेफ्टिनेंट गिरजाशंकर, केयर टेकर योगेश कुमार, सूबेदार मेजर मोतीलाल, सूबेदार जय कुमार राठी, सूबेदार मनोज कुमार, इंद्रजीत, हवलदार धारा सिंह, हवलदार आदेश कुमार, हवलदार विनोद कुमार, गिरीश चंद्र, जोगेंद्र सिंह, भंडार लिपिक अवधेश त्रिवेदी, प्रमोद कुमार कनौजिया मौजूद रहे।