रोडवेज बस अड्डे पर बस में चढ़ने को लगी भीड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सेना में चल रही भर्ती के चलते रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल है। रोडवेज पर हरदोई की बस न मिलने पर युवाओं ने हंगामा किया। बस आई, तो शीशों में घुस गए। रेलवे स्टेशन पर दोपहर में कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के आने से पहले ही भीड़ लग गई।
रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह साढ़े 10 बजे से युवाओं की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। धीरे-धीरे हालात ऐसे हो गए कि हरदोई की बस आते ही युवाओं से फुल हो जाती थी। ऐसे में तमाम महिला-पुरुष, बच्चों सहित हरदोई जाने वाले यात्रियों को कई-कई घंटे बैठकर बस का इंतजार करना पड़ा। दोपहर 12 बजे काफी देर तक बस नहीं आई, तो युवाओं ने हो हल्ला शुरू कर दिया। हालांकि उन्हें बस दिखाई दी तो हुड़दंग करते हुए शीशों में चढ़कर घुस गए।
उधर, रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों के साथ युवाओं की खासी भीड़ रही। बुकिंग खिड़की पर लंबी कतारें लगी रहीं। दोपहर दो बजे जब कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पहुंची तो उसमें चढ़ने को मारामारी हो गई। इससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।