नाले के ऊपर से अतिक्रमण को हटाती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल के साथ अवैध कब्जे को हटवा दिया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट से लोगों की नोकझोंक भी हुई। विवाद की स्थिति बनाने पर पुलिस ने मामले को शांत किया।
शहर के मोहल्ला ठंडी सड़क नलकूप संख्या छह के पास होरीलाल बाल्मीकि की जगह है। इस जमीन पर बाउंड्रीवाल पर टीनशेड पड़ा हुआ है। यहां अवैध कब्जा करने की शिकायत होने पर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर पटेल, सीओ सिटी लेखराज, कोतवाल देवेंद्र शर्मा के साथ ही नगरपालिका के कर्मचारी जेसीबी लेकर पहुंचे। प्रशासन ने किसी की न सुनते हुए अतिक्रमण को जेसीबी से ढहा दिया। इसकी जानकारी पर होरीलाल, उनका बेटा ब्रजेश और दामाद राज चौधरी समेत परिवार के अन्य लोग भी आ गए।
होरीलाल ने आरोप लगाया कि इस जमीन के उनके पास कागजात हैं। यहां वर्षों टीनशेड पड़ा हुआ है। इसको लेकर होरीलाल की सिटी मजिस्ट्रेट से नोकझोंक होने लगी। विवाद की स्थिति देखकर पुलिस ने मामला शांत किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पूर्व सभासद पति के इशारे पर यह कार्रवाई की गई। उनका मकान खुद अतिक्रमण में है। उसने कहा कि इसकी शिकायत डीएम से लेेकर शासन तक की जाएगी। अतिक्रमण हटाने के लिए कोई नोटिस नहीं दिया गया। इसके बाद टीम शहर के लालगेट पर पहुंची। यहां पर मीरा पत्नी राजू गुप्ता का पड़ोसी नीरज पुत्र श्रीकृष्ण से लेंटर और गली को बंद करने के लिए विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों ने तहसील दिवस में शिकायत की थी। टीम ने वहां पर जाकर दोनों पक्षों को सामने बुला कर समझौता करा दिया। यहां पर मीरा से सपा नेता की नोकझोंक हो गई।
शहर के मोहल्ला गंगानगर में अधिवक्ता रिषीपाल और सीता बाथम के बीच छज्जा निकालने को लेकर विवाद चल रहा है। टीम ने सीता बाथम को यथास्थिति बनाए रखने की नसीहत दी। यहां से टीम मोहल्ला कछियाना पहुंची। यहां देशराज सक्सेना ने नाले के पास दीवार बना कर टीन शेड डाल लिया था। इसे जेसीबी से हटा दिया गया। यहां रहने वाले रोहित सक्सेना की शिकायत पर टीम ने वीरेंद्र सक्सेना की भट्टी को तुड़वा दिया। यहां पर ही संतोष की भट्टी को भी तुड़वा दिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को विवाद झेलना पड़ा।