फर्रुखाबाद। क्रिसमस डे के अवसर पर सोमवार देर सायं धूमधाम से क्रिसमस शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।चरनी में प्रभु यीशु मसीह की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में भारी संख्या में समाज के लोग शामिल थे।
फतेहगढ़ चौराहा से क्रिसमस शोभायात्रा शुरू हुई. यात्रा में सबसे आगे रथों पर सवार तीन झांकियां चल रही थीं। उसके पीछे स्वर्ग दूत, मरियम, युसूफ, गड़रिया व चरनी में प्रभु यीशु मसीह की झांकियां शामिल थीं। पादरी मनोज मसीह रास्ते भर प्रभु यीशु मसीह का संदेश देते हुए चल रहे थे। यात्रा फतेहगढ़, भोलेपुर, आवास-विकास तिराहा, लालदरवाजा, घुमना, नेहरू रोड व चौक से होते हुए वापस सीएनआई चर्च बढ़पुर पहुंची, जहां समापन हो गया।
पादरी स्टीफन मसीह ने कहा कि बिना दिव्य दर्शन के मानव संसार में अधूरा है। दिव्य दर्शन प्राप्त करने से मन का उद्धार होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे लोग प्रभु यीशु मसीह के बताए रास्ते पर चलें।
इस अवसर पर जार्डन राज, प्रशांत कुमार, अमित राज, विशाल, आकाश कुमार, बीना साइमन, भावना लाल, सुषमा लाल, पिंकी दास, अतुल दास, प्रतीक कुमार और अमित राज आदि मौजूद रहे।