फर्रुखाबाद। जसमई विद्युत उपकेंद्र के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से 12 ड्रम तेल चोरी हो गया। कम तेल में चालू रहने से ट्रांसफार्मर फुंकने से बचा। अवर अभियंता ने एसएसओ, सहायक समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तेल डालने के लिए ट्रांसफार्मर को बंद किया गया। इससे शहर के 30 मोहल्लों की दोपहर तक बंद रही।
जसमई विद्युत उपकेंद्र से शहरी व ग्रामीण फीडर चलते हैं। दोनों फीडर के लिए 10-10 एमवीए के ट्रांसफार्मर लगे हैं। शनिवार सुबह साढ़े सात बजे एसएसओ मोहित तिवारी ड्यूटी करने उपकेंद्र पर पहुंचे। उन्होंने शहरी क्षेत्र के ट्रांसफार्मर के पास तेल फैला देखा।
इसकी जानकारी जेई अजय बाबू को दी। उन्होंने ट्रांसफार्मर का तेल चेक कराया तो 12 ड्रम (2400 लीटर) कम निकला। एक्सईएन आरबी यादव ने उपकेंद्र पर पहुंच कर रात में ड्यूटी पर रहे चौरसिया गांव निवासी एसएसओ बलवीर सिंह, नगला समही निवासी सहायक एसएसओ विवेक कुमार से पूछताछ की।
अवर अभियंता अजय बाबू ने एसएसओ बलवीर सिंह, सहायक विवेक कुमार के खिलाफ मऊदरवाजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें दोनों की लापरवाही से ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने का आरोप लगाया है। ट्रांसफार्मर में नया तेल डलवाया गया, इससे दोपहर तक 30 मोहल्लों की बिजली बंद रही।
एक्सईएन आरबी यादव ने बताया कि तेल चोरी में एसएसओ और सहायक की भूमिका संदिग्ध है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। दोनों को हटाने के लिए कार्यदायी संस्था को भी लिख दिया गया है। कम तेल में ट्रांसफार्मर चलता रहा और फुंकने से बचा।