शमसाबाद। आठ दिन पहले कारखाने में हुई चोरी का खुलासा न होने पर व्यापारियों ने बैठक कर बाजार बंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि चोरी का मुकदमा दर्ज है और खुलासे के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं।
क्षेत्र के गांव फैजबाग निवासी सुमित गंगवार के चक्की व स्पेलर के कारखाने से चोर आठ मई को जंगला काटकर 25 हजार की नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने सुमित की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर खुलासा करने का भरोसा दिया था। आठ दिन बीतने के बाद भी चोरी का खुलासा न होने पर कस्बे के व्यापारी कल्लू गंगवार, रविंद्र, धनंजय, आमिर, अनिल गंगवार, सलमान व सुमित गंगवार आदि एकत्र हुए।
व्यापारियों ने बैठक कर चोरी का खुलासा न होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए विरोध जताया। व्यापारियों ने सर्वसम्मति से बाजार बंद रखने की घोषणा की। इसके बाद फैजबाग की सभी दुकानें बंद हो गईं। सीओ कायमगंज सोहराब आलम ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर खुलासे के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। बाजार क्यों बंद किया गया, इसके बारे में जानकारी नहीं है।