राजेपुर। थाने से चार सौ मीटर की दूरी पर शुक्रवार रात सराफ की दुकान में घुसे चोर तिजोरी का लॉक काटकर चार किलो चांदी के आभूषण चोरी कर चंपत हो गए। शनिवार को जानकारी पर पहुंचे एसपी ने एसओ की फटकार लगाई और रात गश्त बढ़ाने के आदेश दिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली के पक्का पुल निवासी दीपक वर्मा की राजेपुर के बाजार में थाने से सौ मीटर की दूरी पर दीपक ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार को दीपक सोने के जेवर न नगदी निकालकर चांदी के आभूषण तिजोरी में बंद करके अपने घर चले गए थे। रात में आए चोरों ने शटर उठाकर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान के अंदर रखी तिजोरी के लॉक को कटर से काट दिया और उसमें रखे चार किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शनिवार सुबह कस्बे के लोगों ने शटर उचका देखा तो जानकारी सराफ दीपक को दी। दीपक परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। सराफ के यहां चोरी की सूचना पर एसपी डॉ. अनिल मिश्रा, सीओ अमृतपुर राजवीर सिंह, स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम, एसओ जयंती प्रसाद गंगवार मौके पर पहुंचे।
एसपी ने रात गश्त पर सवालियां निशान लगाते हुए एसओ की फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अभी सर्दी की शुरुआत है। अभी से चोरी बढ़ रही हैं। दिसंबर और जनवरी में क्या होगा इसलिए रात की गश्त तेज की जाए। पुलिस ने दीपक की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें एक लाख 60 हजार रुपये के चांदी के आभूषण चोरी होने का उल्लेख किया है।
सराफ के यहां हुई चोरी की सूचना पर पहुंचे डाग स्क्वायड के कुत्ते ऑस्कर ने घटना स्थल से तिजोरी व अन्य सामान सूंघने के बाद दौड़ लगाकर उसी खेत पर पहुंचा, जहां चोरों ने जेवरात के खाली डिब्बे फेंके थे। पुलिस ने खाली डिब्बे कब्जे में ले लिए। आस्कर ने आधा किलोमीटर आगे भी दौड़ लगाई। वहीं फॉरेंसिंक टीम के वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने तिजोरी व दुकान के अंदर चोरों के हाथ व पैरों के नमूने लिए।