फर्रुखाबाद। चूल्हे की चिंगारी से लगी आग से आठ झोपड़ीनुमा घर जलकर राख हो गए। तेज हवा चलने के चलते आग फैल गई। तमाम भूसा, अनाज, कपड़े समेत अन्य सामान स्वाहा हो गया। अग्निकांड में एक भैंस जलकर मर गई तथा दो लोग झुलस गए। दमकल ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। तहसीलदार ने खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई।
मऊदरवाजा थाने के गांव धौली की मड़ैया में बुधवार शाम करीब चार बजे अचानक बीरू के मकान के चूल्हे से आग ल गई। आग ने अंतराम, सचिन, नंदराम, रामसनेही, भैयालाल, सर्वेश, बलवीर, संतराम के झोपड़ीनुमा घरों को भी चपेट में ले लिया। आग लगने पर गांव में चीख-पुुकार मच गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर जेपी शर्मा पहुंचे। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी पहुंची और आग बुझानी शुरू कर दी। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग में जय सिंह और बलवीर झुलस गए। जय सिंह की एक भैंस भी झुलसकर मर गई। लेखपाल राजीव पाल की सूचना पर तहसीलदार राजू कुमार ने पहुंचकर पीड़ितों की सूची बनाकर उन्हें देर शाम को ही खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई। तहसीलदार ने बताया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।