फोटो-18 विद्यालय में मौजूद चाइनीज मांझा की चपेट में आकर जख्मी हुआ छात्र सिद्धार्थ पाल। स्रोत: ज
फर्रुखाबाद। जनपद में चाइनीज मांझा से हो रही दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एंथोनी स्कूल के कक्षा 12 के छात्र से जुड़ा है, जो चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझा छात्र की गर्दन पर रगड़ता हुआ निकल गया। इससे उसकी गर्दन में गहरी चोट आई। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, वहां उसकी गर्दन में 20 टांके लगाए गए।
चाइनीज मांझा के खिलाफ चल रहे तीन दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत टीम एंथोनी स्कूल पहुंची। टीम की सदस्य भारती मिश्रा ने घायल छात्र की गर्दन पर टांकों के निशान देखकर उससे घटना की जानकारी ली। नेकपुर निवासी छात्र सिद्धार्थ पाल ने बताया कि वह रविवार को स्कूटी से बाजार जाने के लिए निकला था, तभी उसे सामने से डोर आती महसूस हुई। स्कूटी रोककर डोर हटाने का प्रयास किया, तभी मांझे ने उसकी गर्दन को बुरी तरह जख्मी कर दिया। टीम के सदस्यों ने बताया कि चाइनीज मांझा न सिर्फ इंसानों बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद खतरनाक है। इससे लोगों की गर्दन व कान कट रहे हैं और पक्षियों के पंख तक कट जा रहे हैं। जागरूकता टीम ने विद्यार्थियों से चाइनीज मांझा का प्रयोग न करने और दूसरों को भी इसके लिए रोकने की अपील की।