बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में नौनिहालों को
कंप्यूटर शिक्षा देने को लाखों रुपये से खरीदें गए कंप्यूटर बच्चों को
चलाने के लिए नसीब नहीं हुए। नौनिहालों के लिए स्कूलों में भेजे गए अधिकांश
कंप्यूटरों पर अफसरों ने कब्जा कर रखा है। इस कारण सर्व शिक्षा अभियान की
कंप्यूटर शिक्षा परवान नहीं चढ़ पाई और वह धड़ाम हो गई। जिन स्कूलों में
कंप्यूटर लगे हैं, उनमें अधिकांश खराब पड़े है।इनकी मरम्मत कराने की
अधिकारियों ने सुध नहीं ली।
बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व माध्यमिक
विद्यालयों के नौनिहालों को कंप्यूटर शिक्षा देने को कंप्यूटर खरीदे गए थे।
इनकी खरीद फरोख्त वर्ष 2009 से पूर्व सर्व शिक्षा अभियान के तहत हुई और
लाखों रुपये भुगतान किया गया था। शिक्षा विभाग के अफसरों ने ब्लाक स्तर पर
स्कूलों का चयन किया। इनमें कंप्यूटर, मेज व अन्य उपकरण आवंटित किए। बढ़पुर
विकास
खंड के 19 और नगर क्षेत्र फर्रुखाबाद में 6 कंप्यूटर भेजे गए थे।
वर्ष 2010 में प्रधानी चुनाव व इससे बाद हुए चुनाव कार्य को स्कूलों से
कंप्यूटर मंगाए गए। चुनावी कार्य पूरा होने के बाद कंप्यूटर स्कूल वापस
जाने के बजाए इधर उधर हो गए। विभागीय कागजों में जिन स्कूलों में नौनिहालों
को कंप्यूटर शिक्षा दी जा रही है उनमें अधिकांश में कंप्यूटर तक नहीं है।
नौनिहालों को एक दिन कंप्यूटर देखने तक को नसीब नहीं हुआ। बच्चों को पढ़ाने
वाले कंप्यूटरों का प्रयोग सरकारी दफ्तरों में हो रहा है। इस कारण
नौनिहालों की कंप्यूटर शिक्षा धड़ाम हो गई। सर्व शिक्षा अभियान की योजना
परवान नहीं चढ़ पाई। नगर क्षेत्र के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय बढ़पुर,
कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय लिंजीगंज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय
पलरा
तालाब, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रंगसाजान, कन्या पूर्व माध्यमिक
विद्यालय चीनीग्राम के कंप्यूटर चुनाव कार्यालय में होने की जानकारी है। यह
जानकारी बढ़पुर के ख्ंाड शिक्षा अधिकारी व नगर क्षेत्र के प्रभारी नगर
शिक्षा अधिकारी को सर्वे कराए जाने पर हुई।
बढ़पुर और नगर क्षेत्र के स्कूलों के कंप्यूटर कहां-कहां
-पूर्व माध्यमिक विद्यालय, हाथीपुर का कंप्यूटर साक्षरता कार्यालय में है।
- पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बाबरपुर का कंप्यूटर प्रशासनिक अधिकारी के आवास पर है।
- पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बरौन का कंप्यूटर निर्वाचन कार्यालय में है।
- पूर्व माध्यमिक विद्यालय, शमशेर नगर का कंप्यूटर बीएसए कार्यालय में है।
- अमेठी जदीद विद्यालय के कंप्यूटर का आधा सामान स्कूल और आधा बीएसए कार्यालय में है।
- अमेठी कोहना स्कूल का कंप्यूटर बीएसए कार्यालय में है, लेकिन हेड मास्टर के पास रिसीविंग नहीं है।
- जैतपुर स्कूल का कंप्यूटर प्रशासनिक अधिकारी के कार्यालय में है।
- गुतासी स्कूल का कंप्यूटर निर्वाचन कार्यालय गया था। मॉनीटर वापस किया गया अन्य सामान नहीं दिया गया।
- महलई स्कूल का कंप्यूटर बीएसए कार्यालय में लगाया गया था। बाद में डीएम आवास कार्यालय में भेजा गया।
- रेहा करनपुर स्कूल का कंप्यूटर एएओ कार्यालय में लगा है।
-
याकूतगंज विद्यालय का कंप्यूटर प्राथमिक विद्यालय महरूपुर सहजू में लगा
है। लेकिन महरूपुर सहजू के हेडमास्टर ने बताया कि विद्यालय में कंप्यूटर
नहीं है।
पूर्व बीएसए ले गए एक कंप्यूटर
विभागीय
आकंड़ों की मानें तो एक कंप्यूटर तत्कालीन बीएसए साथ ले गए है। पूर्व
माध्यमिक विद्यालय महमदपुर कासरान के कंप्यूटर के संबंध में पूर्व जिला
समन्वयक ने बीएसए कार्यालय में दी अपनी आख्या में कहा है कि तत्कालीन बीएसए
कौशल किशोर के आवास पर कंप्यूटर भेजा गया था। वह वापस नहीं आया। बीएसए
तबादले के बाद कंप्यूटर को अपने साथ लेकर चले गए है।
वर्जन
खंड
शिक्षा अधिकारियों से कंप्यूटर के संबंध में रिपोर्ट मांगी है। जो कंप्यूटर
अन्य विभागों में या निर्वाचन कार्यालय में लगे हैं। उनको वापस मंगाने को
पत्र भेज दिया गया है। सभी कंप्यूटरों को उनके स्कूलों में लगवाया जाएगा।
जिन स्कूलों के
कंप्यूटर खराब है, उनको सही कराया जाएगा।
योगराज सिंह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी