साक्षर भारत मिशन के तहत रविवार को हुई नव साक्षरों की परीक्षा में शैक्षिक
गुणवत्ता की पोल खुल गई। कई केंद्रों पर कापियां पहले ही लिख गईं तो कई पर
नव साक्षरों ने एक दूसरे की कापी देखकर उत्तर लिखे। निरीक्षण में अफसरों
को कई केंद्र बंद मिले। एक केंद्र पर परीक्षा में व्यवधान डालने वाले
शिक्षक को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फटकार लगाई।
योजना के तहत
512 ग्राम सभाओं में संचालित ग्राम लोक शिक्षा केंद्रों पर नव साक्षरों की
परीक्षा हुई। प्रत्येक केंद्र पर 58 से 60 नव साक्षरों को शामिल किए जाने
की जिम्मेदारी प्रेरकों को सौंपी गई थी। परीक्षा शुरू होने के बाद बीएसए ने
केंद्रों का निरीक्षण किया। बढ़पुर के कुबेरपुर घाट में प्रधानाध्यापक
मगनानंद अग्निहोत्री ने परीक्षा कराने से इनकार कर दिया। इस पर बीएसए स्कूल
पहुंचे और प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई और परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
ग्राम लोक शिक्षा केंद्र
लोहापानी शमसाबाद में 58 में से 25 नव
साक्षर मिले। ग्राम लोक शिक्षा केंद्र प्रहलादपुर संतोष शमसाबाद में बीएसए
को बरामदे में आलू भरा मिला। इस पर प्रधानाध्यापिका को डांट लगाई ।
उन्हाेंने स्कूल परिसर से आलू हटवाने को कहा। यहां 59 में से 35
नवसाक्षराें ने परीक्षा दी। डीसी राजेश वर्मा, डीसी सुधीर कुमार, डीसी
अंसार, डीसी अंजली व ब्लाक समन्वयक बढ़पुर पियूष कुमार ने ग्राम लोक शिक्षा
केंद्रों का जायजा लिया। नवाबगंज के सिरमौरा बांगर में नव साक्षर नहीं
मिले।
सोना जानकीपुर में प्रेरक विमलादेवी अनुपस्थित थीं। यहां नव साक्षर तो
नहीं मिले लेकिन उत्तर पुस्तिकाएं लिखी हुई रखी थीं। शमसाबाद के लोक शिक्षा
केंद्र मंझना, घुमईया रसूलपुर, खुड़नावैध में भी नव साक्षर नहीं मिले।
इनकी कापियां लिखी रखी थीं। बढ़पुर के प्राथमिक विद्यालय पपियापुर,
प्राथमिक विद्यालय कीरतपुर, प्राथमिक विद्यालय विजाधरपुर में नव साक्षर
परीक्षा देने आए। प्रधानाध्यापिका और प्रेरकाें ने परीक्षा कराई। कई
केंद्रों पर नव साक्षरों ने एक दूसरे की कापी
देख कर परीक्षा दी। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में हरसिंहपुर शाही, वनकटी, मानिकपुर कटिन्ना व रूपनगर लोक शिक्षा केंद्र बंद थे।
आधार कार्ड और बैंक पास बुक कराई गई जमा
परीक्षा
देने आए नव साक्षरों के पंजीकरण फार्म भरे गए और इनसे आधार कार्ड व बैंक
पास बुक की कापियां जमा कराई गईं। जिनके पास आधार कार्ड और बैंक पस बुक
नहीं थी, उनको शीघ्र आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।
अपना नाम तक लिखना नहीं जानते परीक्षार्थी
लोक
शिक्षा केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा में शामिल बुजुर्गों को अपना नाम तक
लिखना नहीं आता है। रविवार को हुई परीक्षा में महज खानापूरी हुई। चार
केंद्रों पर परीक्षा सामग्री न ले जाने वाले प्रेरकों के खिलाफ ब्लाक
समन्वयक ने बीएसए को कार्रवाई के लिए लिखा है।
ब्लाक क्षेत्र की 77
ग्राम पंचायतों के लोक शिक्षा केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया
गया। हर केंद्र पर 40 महिलाएं और 19 पुरुष शामिल हुए। ब्लाक समन्वयक
अभिषेक गौतम ने बताया कि ब्लाक क्षेत्र की ग्राम सभा अताईपुर जदीद के
प्रेरक गुंजन, जितेंद्र, हमीरपुर खास के वसीम खां, फरहा, नीबलपुर के
अनिरुद्ध सिंह तथा रूटौल केंद्र के प्रेरक विजय मिश्रा व जयदेवी परीक्षा
सामग्री नहीं ले गए। इससे इन केंद्रों पर परीक्षा नहीं हो सकी। उन्होंने
बताया कि इन परीक्षा
केंद्रों के प्रेरकों के खिलाफ कार्रवाई की
बीएसए से संस्तुति की गई है। पितौरा द्वितीय परीक्षा केंद्र पर 90 साल की
जयदेवी परीक्षा देती दिखीं। यह कापी पर अपना नाम तक नहीं लिख पा रही थीं।
यही हाल अन्य का था। कुबेरपुर परीक्षा केंद्र पर 59 ने परीक्षा दी। यहां
प्रेरक रश्मि गंगवार और जुलबाज खां ने परीक्षा संपन्न कराई। हमीरपुर,
अताईपुर जदीद, रूटौल, नीवलपुर केंद्र बंद था।