दुर्घटना के बाद फर्रुखाबाद के याकूतगंज में जाम लगाए लोग।
- फोटो : FARRUKHABAD
ट्रैक्टर की टक्कर से बच्चे की मौत, लगाया जाम
फर्रुखाबाद। याकूतगंज कस्बे के बाजार में पिता व मां के साथ बाइक से घर जा रहे बच्चे की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। माता पिता घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी और सड़क पर बल्ली व ईंटें आदि डालकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर घायलों को लोहिया अस्पताल भेज दिया। जाम खुलवाकर बच्चा का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया।
जनपद बदायूं थाना उसैत के गांव कटरा सहादतगंज निवासी सत्यपाल पुत्र रामेश्वर दयाल अपनी पत्नी मीना और इकलौते पुत्र शिवम (5) के साथ जनपद कन्नौज थाना तिर्वा के गांव जोत स्थित ससुराल गया था। वहां से शुक्रवार सुबह वह पत्नी और पुत्र को लेकर बाइक से वापस जा रहा था। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के याकूतगंज मुख्य बाजार में खनन कर मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। शिवम ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सत्यपाल और मीना घायल हो गए। घटना के बाद लोगों ने थाना जहानगंज के गांव जरारी निवासी चालक मोहम्मद असद पुत्र रिजवान को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना से आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर बल्लियां आदि डालकर जाम लगा दिया। जानकारी होने पर मौके पर कोतवाल फोर्स के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। घायल मां-बाप को लोहिया अस्पताल भेज दिया। कोतवाल जेपी पाल ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से पहिये के नीचे आने से बच्चे की मौत हो गई। भीड़ ने चालक को पकड़कर आधा घंटे तक जाम लगाया था। पुलिस के समझाने पर जाम खोल दिया। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।