कंपिल। एचटी लाइन की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।
थाना क्षेत्र के गांव बहबलपुर निवासी विनोद का चार वर्ष का पुत्र राघव शनिवार की शाम को बच्चों के साथ छत पर खेल रहा था। अचानक वह छत के ऊपर से निकली एचटी लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसको आनन फाइन में सीएचसी में लेकर गए। वहां राघव की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने बालक को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बालक को नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान राघव की मौत हो गई।
बालक की मौत पर मां भगवानश्री, बहन कल्पना व भाई का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि कई बार घर के ऊपर से एचटी लाइन हटाने के संबंध में बिजली विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों से गुहार लगाई थी। उसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई। सूचना के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। परिजनों ने रविवार को बालक का अंतिम संस्कार कर दिया।