जनपद में गुरुवार को शहीदों को नमन कर उत्साह से चौरी-चौरा शताब्दी समारोह मनाया गया। शहीद की प्रतिमाओं पर अधिकारियों ने माल्यार्पण किया। बच्चों ने देशभक्ति भरे गीत व कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शाम को शहीद प्रतिमाओं पर नोडल अधिकारियों ने दीप जलाए।
चौरी-चौरा शताब्दी समारोह में जिले की 11 शहीद स्मारकों से सुबह बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली।
फतेहगढ़ पुराना जिला अस्पताल परिसर स्थित शहीद कैप्टन कौशलेंद्र सिंह की प्रतिमा पर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने माल्यार्पण किया। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड फतेहगढ़ में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर युद्ध में शहीद हुए सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।
इसमें पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, नगर मजिस्टेट अशोक कुमार मौर्य, एएसडीएम सुनील कुमार यादव, ईओ रविंद्र कुमार व एमआईसी के प्रधानाचार्य ले. गिरिजा शंकर एसडीएम सदर अनिल कुमार ने शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
एनसीसी कैडेट्स, जीजीआईसी की छात्राएं व जीआईसी के छात्रों अधिकारियों के साथ वंदे मातरम् गीत गाया। एमआईसी के प्रधानाचार्य ने चौरी-चौरा कांड के बारे में बताया। इसके बाद एलईडी पर प्रधानमंत्री द्वारा चौरी-चौरा घटनाक्रम का सीधा प्रसारण छात्रों व एनसीसी कैडेट को दिखाया गया। शाम 6.30 बजे शहीद स्मारकों पर नोडल अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन किया।
मोहम्म्दाबाद ब्लाक के मौधा गांव में सुबह खंड शिक्षा अधिकारी मुन्नालाल त्रिवेदी ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर बच्चों के साथ प्रभात फेरी निकाली। शाम को मौधा, राजपूत रेजिमेंट व सिखलाइट रेजिमेंट, सोल्जर बोर्ड स्मारक, स्टेडियम के निकट शहीद कौशलेंद्र सिंह, नगला बाग रठौर, नगला जब्ब, सहसापुर, वनकिया, अमृतपुर, सेंट्रल जेल स्थित मणींद्र नाथ बनर्जी स्मारक पर अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर शहीदों को नमन किया।
चौरी-चौरा महोत्सव के तहत जनपद में प्रचार प्रसार के लिए सूचना जनसंपर्क विभाग लखनऊ से आई एलईडी वैन को डीउम मानवेंद्र सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। एलईडी वैन से जिले में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी व किसान कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार कराया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण होगा। इस दौरान सुरजीत गौतम, ओमवीर सिंह आदि कर्मचारी मौजूद रहे।