गायों के बारे में जानकारी करते विक्रांत गुप्ता व मौजूद महामंत्री व अन्य।
- फोटो : amar ujala
समाजसेवी विक्रम गुप्ता ने सोमवार को घसिया चिलौली की भगवती गोशाला में गायों की संख्या कम होने की आशंका जताई। इस पर जमकर हंगामा हुआ।
नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी समाजसेवी विक्रम गुप्ता रोजाना गोशाला में गायों के लिए पांच क्विंटल चारा-दाना ले जाते हैँ। सोमवार सुबह जब वह गोशाला पहुंचे तो उनको वहां गायों की संख्या कम होने की शंका हुई। वहां देखभाल कर रहे ग्वाला संजय से पूछा तो उसने गायें पूरी होने की बात कही। हालांकि विक्रम को तब भी शक हुआ। उन्होंने बताया कि वह लगभग डेढ़ साल से रोजाना गायों के लिए पांच कुंतल चारा-दाना लाते हैं। लगभग दो महीने पहले गोशाला में 125 गाय-बैल थे, जिसमें 30 गाय दुधारू थीं। लेकिन अब 95 पशु ही हैं। उनका कहना है कि 30 दुधारू गाय गायब हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्वालों ने गायों को बेच लिया है। इसी बीच गोशाला कमेटी के महामंत्री अनिल अग्रवाल भी पहुंच गए। महामंत्री भी कोई जवाब नहीं दे पाए। विक्रम ने आरोप लगाया कि गोशाला का 100 ट्राली गोबर भी बेच लिया गया है। गायों की सही ढंग से देखभाल नहीं होती है, साफ सफाई भी सही नहीं हैं आदि कई गंभीर आरोप लगाए। दोनों पक्षों में हंगामा होने लगा। इसी बीच कमेटी के पवन गुप्ता, विनय अग्रवाल, संजय अग्रवाल, झगडू यादव भी पहुंच गए और दोनों पक्षों को शांत किया गया और मामले को रफा दफा कर दिया गया। महामंत्री ने बताया कि गोशाला में इस समय 101 गाय हैं, जिसका रिकार्ड उनके पास है। सभी जानवरों के टैग भी लगाए गए हैं। कुछ की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गोबर को बेचा गया है जिसका 42300 रुपया जमा है। वहीं उन्होंने कहा कि कमेटी के सदस्यों द्वारा कोई आरोप नहीं लगाया गया। अगर कोई बाहरी व्यक्ति पूछता है तो उसका जवाब वह देने के लिए बाध्य नहीं हैं। चाहे तो वह अपनी शिकायत शासन प्रशासन में कर सकता है।