फर्रुखाबाद। रोडवेज बस स्टैंड पर बने रैन बसेरा में लेटी एक वृद्धा के बैग से नगदी चोरी कर ली गई। परेशान वृद्धा को वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने पास बनाकर रोडवेज बस से मुरादाबाद के लिए रवाना किया।
मुरादाबाद के रोडवेज बस स्टैंड के पास निवासी निशा श्रीवास्तव (61), दिव्यांग पुत्र के साथ मंगलवार रात करीब 12 बजे रोडवेज बस स्टैंड पहुंची। सर्दी की वजह से वह रैन बसेरा में लेट गई। रात में किसी ने उसके बैग में रखे साढ़े तीन हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह उठकर मुरादाबाद के लिए जाने के लिए चली, तो बैग से रुपये गायब थे। इससे वृद्धा ने खोजबीन की, मगर पता नहीं चला। दोपहर करीब 12 बजे वृद्धा रोडवेज की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी उर्मिला दुबे के पास पहुंची।
उन्होंने दो लोगों का मुरादाबाद तक जाने का पास बनाकर दिया। कुछ लोगों ने आर्थिक सहयोग करके उसे खाना खिलवाया। इसके बाद मां-बेटे मुरादाबाद रवाना हो गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत नहीं की है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि वृद्धा परेशान थी। वह इटावा क्षेत्र से आई थी।