मोहम्मदाबाद। कोचिंग जा रहे छात्र से तमंचे के बल पर बाइक सवार चार बदमाशों ने तीन सौ रुपये व मोबाइल लूट लिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र संजेश(19) सोमवार को कंप्यूटर कोचिंग के लिए साइकिल से जा रहा था। लगभग 9:45 बजे सुबह अंडरपास में पानी भरा होने के कारण संजेश रेलवे ट्रैक से साइकिल निकाल रहा था। उसी दौरान दो बाइकों से चार बदमाश आए। एक बदमाश ने तमंचा निकाल कर उसको धक्का देकर गिरा दिया। दूसरे बदमाश ने जेब से 300 रुपये व मोबाइल लूट लिया।
घटना को अंजाम देकर चारों बदमाश दोनों बाइकों पर बैठकर भाग गए। राहगीर के मोबाइल से संजेश ने पिता सुरेंद्र को घटना की जानकारी दी। पिता-पुत्र नवाबगंज थाने पहुंचे। लूट के बारे में बताया। नवाबगंज पुलिस ने घटना स्थल मोहम्मदाबाद का बताकर वापस भेज दिया। पिता-पुत्र ने इंस्पेक्टर मनोज भाटी को सूचना दी।
इंस्पेक्टर ने मौके पर जाकर छात्र से पूरे मामले की जानकारी कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। छात्र का घटना के बारे में बताते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। पुलिस तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। (संवाद)