राजेपुर (फर्रुखाबाद)। फायर स्टेशन के पास तेजी से आ रहे ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। टेंपो टक्कर लगने से बाढ़ के पानी में गिर गया। दमकल कर्मियों ने पानी में छलांग लगाकर टेंपों से सवारियोंं को बाहर निकाला। घायल पांच सवारियों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। क्रेन से टेंपो को बाहर निकाला गया।
सोमवार को अमृतपुर से चालक टेंपो में सवारियां भरकर फर्रुखाबाद की ओर जा रहा था। हरिहरपुर फायर स्टेशन के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। टेंपो बाढ़ से भरे पानी में गिर गया। स्टेशन के बाहर मौजूद दमकल कर्मियों ने पानी में छलांग लगाकर टेंपो से गांव अमैयापुर निवासी सर्वेश, मां मंजू देवी, गांव बिचपुरिया निवासी मंगली, पिता आशाराम, मां राजरानी सहित अन्य दो लोगों को बाहर निकाल लिया। चालक पहले ही कूद गया था। घायल पांचों लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक ट्रक को तेजी से भगा ले गया। पुलिस ने मौके पर क्रेन मंगवाकर टेंपो को बाहर निकलवाया। एसओ योगेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।