फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल के सामने स्थित कटियार अस्पताल के पांच पुरुष और दो महिला कर्मियों पर लूटपाट, मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। उनपर अस्पताल में भर्ती मासूम के पिता के साथ वारदात को अंजाम देने का आरोप है। मारपीट का वीडियो भी पुलिस को दिया गया है। घायल का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया।
जिला हरदोई के थाना सांडी के गांव छिबरामऊ निवासी इंद्रेश भदौरिया ने अपने पुत्र हनु (1) को 30 जनवरी को लोहिया अस्पताल के सामने कटियार अस्पताल में डॉ. शिवाशीष उपाध्याय की देखरेख में भर्ती कराया था। 31 जनवरी की सुबह बच्चे की बिगो में खून वापस होने लगा तो उसने शिकायत की। स्टाफ ने एक न सुनी। जब दोबारा शिकायत की तो कर्मचारियों ने अभद्रा की। इंद्रेश के ससुर ने विरोध किया तो गाली-गलौज कर दी गई। इस पर पांच पुरुष और दो महिला कर्मियों ने लात, घूंसों, बेल्टों से पीटकर घायल कर दिया। 25000 रुपये और जरूरी कागजात भी लूट लिए। कादरीगेट थाना पुलिस ने शनिवार शाम इंद्रेश का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।