फर्रुखाबाद। पति को लूटने और पत्नी को जंगल की ओर खींच कर ले जाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को दबोच कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मऊदरवाजा थाने के गांव महलई निवासी शैलेश सिंह शुक्रवार को बाइक से ससुराल छगन नगला (भिड़ौर) जा रहे थे। उनके साथ पत्नी रीता देवी भी थीं।
नैनिया नगला के पास दोपहर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछा करके बाइक रोक ली और लूटपाट करने लगे। बदमाशों ने पत्नी रीता को जंगल की ओर खींचने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने पति के साथ मारपीट कर दी थी। रीता की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी। इंस्पेक्टर जेपी शर्मा ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।