मोहम्मदाबाद। स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ की शिकायत पर प्रबंधक व स्टाफ से मारपीट व पथराव के मामले में पुलिस ने दो भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने पारस यादव, भाई अंशुल यादव, मां और बहन के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है। प्रबंधक ने कहा कि शुक्रवार दोपहर कक्षा 10 की एक छात्रा ने स्कूल आकर छेड़छाड़ की शिकायत की थी। इसके बाद वह अन्य शिक्षकों के साथ आरोपी पारस के घर शिकायत करने गए। इससे गुस्साए आरोपियों ने गाली-गलौज कर दी। मना करने पर उन्होंने हमला बोल दिया। यही नहीं दुष्कर्म में फंसाने की धमकी भी दी। जान बचाकर भागने पर आरोपियों ने ईंट-पत्थर से हमला भी किया। आरोपी स्कूल बंद करवाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।