नवाबगंज। राशन की कालाबाजारी के मामले में निलंबित कोटेदार के खिलाफ पूर्ति निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज कराया है। जांच में कालाबाजारी की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
क्षेत्र के गांव कक्योली निवासी राम तिवारी ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में कोटेदार के खिलाफ राशन वितरण में घटतौली की शिकायत की गई थी। इस पर पूर्ति निरीक्षक कायमगंज सुधांशु यादव ने जांच की। इस दौरान कोटेदार राकेश कुमार पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। इस पर कोटेदार का अनुबंध निलंबित कर अवशेष राशन 8.48 क्विंटल गेहूं, 31.95 क्विंटल चावल व छह किलो चीनी गांव कढि़उली की कोटेदार मनोरमा को उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
इसी के बाद कोटेदार राकेश कुमार ने सरकारी राशन हस्तांतरित न कर बेच दिया। इस पर पूर्ति निरीक्षक सुधांशु यादव ने कोटेदार राकेश कुमार के खिलाफ नवाबगंज थाने में तहरीर देकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत राशन की कालाबाजारी में मुकदमा दर्ज कराया।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ राशन कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने सभी कोटेदारों को नियमानुसार राशन वितरण न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। थानाध्यक्ष विद्यासागर तिवारी ने बताया तहरीर मिली है। मुकदमा लिखा जा रहा है। (संवाद)