फर्रुखाबाद। सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। अभी तक नगर पालिका प्रशासन ने बजट होने के बावजूद शहर में कहीं भी अलाव नहीं जलवाए हैं। लकड़ी का ठेका भी नहीं उठाया गया है।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से त्रिपोलिया चौक, रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, पक्कापुल, रोडवेज बस स्टैंड फर्रुखाबाद, घुमना बाजार, साहबगंज चौराहा और नाला मछरट्टा समेत 49 प्वाइंटों पर अलाव जलने हैं। पालिका प्रशासन के पास अलाव जलवाने का बजट भी है। पर अभी तक शहर में कहीं भी अलाव जलने शुरू नहीं हुए हैं।
सूत्रों की मानें तो पालिका प्रशासन ने अभी तक अलाव जलवाने के लिए लकड़ी का ठेका तक किसी को नहीं दिया है। मौखिक तौर पर लकड़ी खरीदने के लिए कह दिया गया है। पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते शहर में अभी तक कहीं अलाव जलने शुरू नहीं हुए हैं। शहर में अलाव न जलने से भीषण सर्दी में रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और राहगीरों को सर्दी में परेशान होना पड़ता है।
रिक्शा चालक भी ठिठुरन से परेशान रहते हैं। अलाव न जलने से राहगीर और मुसाफिरों का सर्दी में बुरा हाल है। तहसील सदर को अलाव जलवाने के लिए 60 हजार रुपये शासन स्तर से आवंटित किए जा चुके हैं लेकिन तहसील प्रशासन की ओर से भी शहर में चिह्नित स्थानों पर अलाव जलवाने शुरू नहीं किए हैं।