नगर निकाय चुनावी संग्राम का शोरशराबा शुक्रवार शाम पांच बजे थम गया। दो नगर पालिका और चार नगर पंचायतों में अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए चुनाव कराने को रविवार को दो जगह से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। रविवार को सुबह से जिले के 395 बूथों पर मतदान होगा। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली है।
जिले की दो नगर पालिका और चार नगर पंचायतों के अध्यक्ष व सभासद पदों का चुनाव है। इसके लिए 26 नवंबर को जिले में मतदान होगा। इसको लेकर अध्यक्ष और सभासद पद के प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे थे। शुक्रवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशियों ने वाहन जुलूस निकाल कर ताकत दिखाई। शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार और
उपहार बांटने पर अंकुश लगाने को जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता सक्रिय हो गए। 26 नवंबर को मतदान कराने के लिए शनिवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। नगर पालिका सदर, नगर पंचायत कमालगंज और मोहम्मदाबाद में चुनाव कराने को सातनपुर मंडी फर्रुखाबाद से पोलिंग पार्टी रवाना होगी। नगर पालिका कायमगंज, नगर पंचायत कंपिल और शमसाबाद में चुनाव कराने के लिए आदर्श इंटर कालेज पितौरा कायमगंज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। पोलिंग पार्टियों भेजने को वाहन एकत्र किए गए। पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का अधिकारियों ने शुक्रवार को निरीक्षण किया।