कायमगंज (फर्रुखाबाद)। भूमि का बैनामा कराने के बाद विक्रेता को बकाया रकम का भुगतान न करने के मामले में नगर के मोहल्ला पटवन गली निवासी तंबाकू व्यापारी और उसके दो बेटों के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नगर के मोहल्ला पटवन गली निवासी तंबाकू व्यापारी सुरेश पालीवाल ने गांव घसिया चिलौली निवासी हरिनंदन सिंह गंगवार से गांव मुडौल के पास 85 डिसमिल भूमि खरीदी थी। बुधवार शाम इस भूमि का तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा हुआ था। व्यापारी ने खरीदी गई भूमि का सभी भुगतान कर दिया। 11 लाख रुपये बाकी रह गए थे। बैनामे से पहले विक्रेता ने रुपये मांगे तो व्यापारी ने अपने दो बेटों को रुपयों के साथ हरिनंदन के घर भेज दिया। कहा इधर बैनामा कराओ उधर घर पर बचा हुआ भुगतान कर दिया जाएगा। हरिनंदन इस बात पर भरोसा कर बैनामा कर दिया। बैनामा होने के बाद व्यापारी ने अपने बेटों को फोन कर दिया और वह वहां से रुपये दिए बिना ही खिसक लिए। हरिनंदन सिंह ने कोतवाली में मामले की शिकायत की थी। इस पर दो दिन तक तो बातचीत चलती रही। अंत में जब भुगतान मिलने की आस खत्म हो गई तो हरिनंदन सिंह ने सुरेश पालीवाल व उसके पुत्रों अंकित व अमित के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर डॉ विनय राय ने बताया मुकदमा दर्ज हो गया है। पीड़ित की हर संभव मदद कर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।