फर्रुखाबाद। फिरोजाबाद से मिर्जापुर जा रही एक महिला को रोडवेज बस में जहरखुरान गिरोह ने शिकार बना लिया। पीपल के नीचे बेहोश मिलने पर उसे रोडवेज स्टाफ ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। पास में मिले मोबाइल नंबर पर परिजनों को सूचना दे दी गई है।
रविवार शाम पांच बजे रोडवेज बस स्टैंड के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे एक महिला बेहोश पड़ी मिली। सूचना पर स्टेशन प्रभारी जीपी पाठक, पूछताछ प्रभारी शिवप्रकाश दुबे पहुंचे। उन्होंने पीआरडी जवानों को बुलाकर देखा, तो महिला यात्री के पास मोबाइल नंबर मिला। उस पर संपर्क करने पर महिला के पुत्र सोनू चक ने उसका नाम शकुंतला (58) पत्नी राकेश कुमार, निवासी मिर्जापुर ढका, शाहजहांपुर बताया। रोडवेज स्टाफ ने एंबुलेंस बुलाकर महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
सोनू ने बताया कि उसका एक मकान फिरोजाबाद में है। वहीं मामा रहते हैं। छोटा भाई चार दिन पहले कनागत की दावत खाने मां को छोड़ आया था। मां मकान के किराएदारों से किराया लेकर आ रही थीं। वह दो अंगूठी, दो पायलें, जंजीर आदि जेवर भी पहने रहती थीं। देर शाम को परिजन लोहिया अस्पताल पहुंच गए हैं। कादरीगेट चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली है। वह पूछताछ करेंगे।