राजेपुर। रामगंगा पुल पर हादसे के बाद लगे जाम में फंसी हरदोई डिपो की बसों को बैक करते समय दो हादसे हो गए। एक बस खाई में उतर गई, जबकि दूसरी खोखे से टकरा गई। बसों में करीब 80 यात्री बताए जा रहे हैं।
गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया। सोमवार दोपहर हरदोई डिपो की बस फर्रुखाबाद से करीब 60 यात्री लेकर हरदोई जा रही थी। डबरी के पास वह जाम में फंस गई। निकलने में देरी होने से चालक ने बस को बैक करने का प्रयास किया। जैसे ही बस पीछे मोड़ने का प्रयास किया कि गहरी खाई में चली गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने ब्रेक लगाकर बस को पलटने से बचा लिया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
इसके आधा घंटे बाद हरदोई डिपो दूसरी बस के चालक ने पीछे मोड़ने का प्रयास किया तो हाईवे किनारे रखे एक खोखे से टकरा गया। बस को भिड़ता देख दुकानदार खोखा छोड़कर भाग गया। इससे खोखे में काफी नुकसान हुआ।
इस दौरान मुआवजा लेने को लेकर चालक और दुकानदार में काफी देर विवाद होता रहा। प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार ने बताया कि चालक बस बैक कर रहा था। पीछे देखने में लापरवाही के चलते हादसा हो गया। किसी यात्री को चोट नहीं आई।
दूसरी बस से भेजे यात्री
जिस स्थान पर बस खाई में गई, उसकी ठीक नीचे काफी जलभराव था। आशंका जताई जा रही थी कि यदि बस पलट जाती तो पानी में जाकर गिरती। इससे यात्रियों के साथ अनहोनी हो सकती थी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया।
मिट्टी भरा डंपर फंसा, हाईवे पर दो किमी लंबा जाम
फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर बघार नाला से सेंट्रल जेल चौराहे की तरफ कुछ दूरी पर एक खाली प्लॉट में मिट्टी का भराव डाला जा रहा है। सोमवार शाम करीब चार बजे एक डंपर उसमें मिट्टी पलट रहा था। इसी दौरान डंपर मिट्टी में फंस गया।
अगला हिस्सा हाईवे पर होने की वजह से जाम लगने लगा। कुछ ही देर में करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों के फोन करने के बावजूद फतेहगढ़ और मऊदरवाजा थाना पुलिस नहीं पहुंची। लिहाजा कुछ युवाओं ने वाहनों को रोककर धीरे-धीरे निकालना शुरू किया।
एक घंटे से अधिक समय में यातायात सामान्य हुआ। डंपर भी निकाल दिया गया। हाईवे पर जाम लगने की वजह से गढि़या ढिलावल से अंडरपास तक जाम लगा रहा। (संवाद)
फोटो-26 डबरी के पास खाई में लटकी हरदोई डिपो की बस। स्रोत: यात्री
फोटो-26 डबरी के पास खाई में लटकी हरदोई डिपो की बस। स्रोत: यात्री
फोटो-26 डबरी के पास खाई में लटकी हरदोई डिपो की बस। स्रोत: यात्री