राजेपुर (फर्रुखाबाद)। इटावा-बरेली हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे मक्का से भरा एक ट्रक रेलिंग तोड़कर रामगंगा पुल पर लटक गया। इससे निबिया से शाहजहांपुर-हरदोई के रूपापुर तक करीब 15 किलोमीटर (किमी) तक लंबा जाम लग गया।
तीन थानों की पुलिस व टीएसआई ने वाहनों को रोक-रोक कर किसी तरह निकाला। देर शाम मालिक दूसरा ट्रक लेकर मौके पर पहुंचा। देर रात ट्रक को खाली कराने की कोशिश होती रही। इस दौरान जाम से लोगों को खासी परेशानी हुई।
ललितपुर से बरेली जा रहा मक्का से भरा एक ट्रक सोमवार सुबह रामगंगा पुल पर गड्ढे की वजह से वहां रखे डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होने के बाद रेलिंग तोड़कर लटक गया। गनीमत रही कि स्पीड कम होने की वजह से ट्रक गंगा में पलटने से बच गया। उधर, दुर्घटना के बाद पुल पर जाम लग गया। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इसकी सूचना मिलते ही राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार, अमृतपुर थानाध्यक्ष मीनेश शाक्या, टीएसआई सत्येंद्र कुमार और दूसरी तरफ शाहजहांपुर जिले के अल्हागंज थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने हाईवे को वनवे करके वाहनों को निकालना शुरू किया। वाहनों की अधिक संख्या होने की वजह से शाम तक निबिया से शाहजहांपुर जिले के रूपापुर तक करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) सतेंद्र कुमार ने चाचूपुर समेत अन्य स्थानों पर वाहनों को रोका। उन्होंने बताया कि मालिक दूसरा ट्रक लेकर पहुंच गया। रात के समय वाहनों की संख्या कम होने पर ट्रक से मक्का खाली करवाकर लटके ट्रक को हाइड्रा से हटवाया जाएगा।
राजेपुर प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार ने बताया कि पुल पर हाईवे अथॉरिटी ने सीमेंट के कई-कई टन वजनी डिवाइडर रख दिए हैं। ट्रक बरेली की ओर जाते समय डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गया था। इसी के चलते रेलिंग तोड़कर रामगंगा पुल से करीब तीन फीट लटक गया। गनीमत रही कि बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
पैदल पुल पार करते रहे यात्री
जाम में वाहन फंसने से परेशान लोग पैदल ही पुल को पार करते दिखे। इधर से सवारी भरकर गए वाहन खाली होकर दूसरी तरफ से आने वाले यात्रियों को लेकर शहर की ओर आने लगे। महिला, बच्चों और बुजुर्गों को खासी दिक्कतें हुईं।
फोटो- 18 रामगंगा पुल पर गड्ढा होने से बीच में रखे पत्थर के डिवाइडर(बोल्डर)। संवाद
फोटो- 18 रामगंगा पुल पर गड्ढा होने से बीच में रखे पत्थर के डिवाइडर(बोल्डर)। संवाद