शमसाबाद। दिल्ली से आ रही फर्रुखाबाद डिपो की बस बंदरों को बचाने के चक्कर में ट्रक से टकराते टकराते बची और बेकाबू होकर पुलिया में घुस गई। हादसे में यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
सोमवार को फर्रुखाबाद डिपो की दिल्ली से बस आ रही थी। बस में लगभग चालीस यात्री थे। शमसाबाद क्षेत्र में हजियांपुर मंदिर के पास बंदर बैठे थे। बंदरों को बचाने के लिए चालक ने बस को दूसरी तरफ काट दिया। तभी सामने से ट्रक आ गया। ट्रक से बचाने में चालक ने बस को फिर से बंदरों की ओर मोड़ दिया।
इससे बस असंतुलित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में सवारियों को हल्की चोटें आईं। यात्री बस से उतर कर चले गए। बस चालक सत्यवीर और परिचालक बलवीर ने बताया कि बस की स्टीयरिंग राड अचानक जाम हो जाती है। एक तरफ की ब्रेक भी हल्की है। इसे सही कराने के लिए कार्यालय में फोरमैन राकेश कुमार से कई बार कहा। सुनवाई न होने के कारण हादसा होते होते बच गया।