मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। पति के साथ बाइक से जा रही महिला काली नदी पुल के पास किसी तरह बाइक से गिर पड़ी। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस महिला को कुचलते हुए निकली गई। इससे महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बस को पकड़ लिया। चालक भाग गया।
जनपद फिरोजाबाद थाना फरहया के गांव धर्मपुर निवासी राजेश कुमार नोएडा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। वह रविवार को फर्रुखाबाद अपनी पत्नी शशि देवी(32) को दवा दिलाने गए थे। वहां से दवा लेने के बाद वह मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव पट्टी खुर्द में रुक गए थे। सोमवार शाम करीब चार बजे वह बाइक से अपनी पत्नी शशि के साथ वापस घर जा रहे थे। राजेश हेलमेट लगाए थे। तभी इटावा-बरेली हाईवे पर गांव मदनपुर से आगे काली नदी पुल से करीब दो सौ मीटर पहले शशि किसी तरह बाइक से गिर पड़ीं। तभी सामने से आ रही रोडवेज से अनुबंधित फर्रुखाबाद डिपो की बस शशि को कुचलते हुए निकल गई।
शशि की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सकवाई के पास बस को पकड़ लिया, लेकिन उसका चालक भाग गया। सूचना पर शशि व राजेश के परिजन आ गए। इससे वहां चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।