फायरिंग के आरोप में पकड़े गए युवक।
- फोटो : अमर उजाला
सपा महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सुलक्षणा सिंह के दरवाजे के आगे दीवार खड़ी करने पर गुरुवार की शाम दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। दीवार बनाने वाले ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस हमलावर को थाने ले गई है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नेकपुर एसआर कोल्ड स्टोरेज के सामने सपा नेता सुलक्षणा सिंह ने नया मकान बनाया है। इस मकान के दरवाजे के सामने वीरपाल सिंह राठौर ने अपनी दीवार खड़ी कर दी और इनके पानी और निकास को रोक दिया। सुलक्षणा सिंह ने जब इसका विरोध किया तो वीरपाल सिंह ने फायरिंग करके दहशत फैला दी। फतेहगढ़ पुलिस वीरपाल सिंह को थाने उठा ले गई।
पुलिस ने सुलक्षणा सिंह से उनके मकान के कागज व अन्य सुबूत मांगे है। सुलक्षणा सिंह का कहना है कि उनके पास सभी कागज व भूमि के अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। वहीं वीरपाल राठौर ने कोतवाली में बताया कि सुलक्षणा सिंह ने उनकी जगह पर गेट लगा दिया है। इसी वजह से झगड़ा हुआ। आरोप लगाया कि पहले फायर सुलक्षणा सिंह ने किया।
वीरपाल के पक्ष में सुनील राठौर व कई नेता कोतवाली पहुंच गए थे। उनके दरवाजे को दबंगई में बंद किया जा रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाल रजनेश चौहान का कहना है कि फायरिंग एक तरफ से हुई है। इस वजह से कार्रवाई की जाएगी।